छत्तीसगढ़राज्यसरगुजासरगुजा संभाग
अंबिकापुर में जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेसियों का अनोखा प्रदर्शन

अंबिकापुर। शहर की खस्ताहाल सड़कों को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पोस्टर उठाकर जोरदार नारेबाजी की।
कांग्रेस का कहना है कि पिछले चार महीने से अंबिकापुर शहर से गुजरने वाली एनएच, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की सड़कें जर्जर हालत में हैं। जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी कुंभकरणीय नींद में सोए हुए हैं।
इसी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसियों समेत स्थानीय लोगों ने पीजी कॉलेज के सामने सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सड़कों की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।