छत्तीसगढ़सरगुजा

विधानसभा मानसून सत्र में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने रखे जनहित के मुद्दे, मांगी विभागवार जानकारी

रायपुर सीतापुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र 14 जुलाई से शुरू होकर 18 जुलाई तक चलेगा। इस सत्र के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विभिन्न विभागों से जुड़े तारांकित प्रश्नों के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं और विकास से संबंधित विषयों को जोरदार तरीके से सदन में उठाया।

पुलिस बल और वीरता पुरस्कारों पर सवाल

विधायक टोप्पो ने छत्तीसगढ़ में कार्यरत पुलिस बल, सशस्त्र बल, केंद्रीय अर्धसैनिक बल एवं तीनों सेनाओं के अधिकारियों और जवानों को वर्ष 2023-24 में प्रदत्त सम्मान एवं वीरता पुरस्कारों की सूची मांगी है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री (गृह) से यह जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

ग्रामीण विकास योजनाओं की स्थिति

सीतापुर विधायक ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 में सीतापुर क्षेत्र में सड़क, बिजली और आवास विकास पर खर्च की गई राशि की ब्लॉकवार एवं ग्राम पंचायतवार जानकारी मांगी है।

स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविकता पर उठाए सवाल

विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से सीतापुर क्षेत्र में संचालित निजी एवं सरकारी अस्पतालों की संख्या, बजट आवंटन प्रक्रिया, उपकरणों और दवाओं की उपलब्धता तथा वर्ष 2023-24 में खर्च की गई राशि की ब्लॉकवार स्थिति रिपोर्ट मांगी है।

विशेष पिछड़ी जनजातियों पर योजनाओं की जानकारी

आदिम जाति विकास मंत्री से पूछे गए प्रश्न में विधायक ने विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए चल रही योजनाओं की सूची, 2021 से 2025 तक लाभार्थियों की संख्या और खर्च की गई राशि की ब्लॉक एवं ग्राम पंचायतवार जानकारी मांगी।

 

कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का लेखा-जोखा

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री से विधायक टोप्पो ने 2022-23 व 2023-24 में सिंचाई सुविधा विस्तार हेतु खर्च, निर्मित तालाब, नहर, कुएं आदि की संख्या एवं उनकी पूर्णता-अपूर्णता की स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

जवाब में मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि सीतापुर विधानसभा के बतौली, सीतापुर, मैनपाट और अंबिकापुर में कृषि विभाग ने 298.44 लाख और जल संसाधन विभाग ने 963.79 लाख रुपये की राशि का उपयोग किया है।

मैनपाट में वृक्षारोपण की स्थिति पर भी सवाल

विधायक ने मैनपाट में बक्साइट प्लांट के आस-पास किए गए वृक्षारोपण, पौधों की जीवित संख्या और रखरखाव के उपायों पर सवाल उठाया।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में छत्तीसगढ़ मिनरल डेवेलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड एवं बालको की खदानें संचालित हैं।

वर्ष 2020-25 के दौरान कुल 86,347 पौधे लगाए गए, जिनमें से सीएमडीसी द्वारा 67,177 और बालको द्वारा 19,170 पौधे जीवित हैं। वर्ष 2025-26 में नए पौधारोपण की कार्ययोजना प्रस्तावित है।

 

खाद-बीज वितरण और नकली सामग्री पर चिंता

सीतापुर में कृषकों को दिए जा रहे खाद-बीज एवं कीटनाशक दवाओं की गुणवत्ता पर भी विधायक ने सवाल उठाया।

जवाब में आदिम जाति विकास मंत्री ने कहा कि वितरण से पहले सभी नमूनों की जांच की जाती है। अमानक पाए जाने पर लाइसेंस रद्द किया जाता है और संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाती है। नकली खाद-बीज की रोकथाम हेतु नियमित निरीक्षण किए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button