सरगुजा: अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल को मिली मंत्रीमंडल में जगह

सरगुजा_जिले की हाई प्रोफाइल विधानसभा सीट अंबिकापुर से विधायक राजेश अग्रवाल को साय सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। यह उनके राजनीतिक सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।राजेश अग्रवाल ने 2023 के विधानसभा चुनाव में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को महज 94 वोटों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। वे लखनपुर निवासी हैं और शैक्षणिक योग्यता 12वीं तक है। अग्रवाल इससे पहले लखनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कांग्रेस से नगर पंचायत अध्यक्ष चुने जाने के बाद वे 2018 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।
एक समय टीएस सिंहदेव के करीबी माने जाने वाले राजेश अग्रवाल का कांग्रेस से भाजपा में आना और फिर कड़ी टक्कर में जीत हासिल करना उन्हें जिले की राजनीति में एक मजबूत चेहरा बनाता है। अब उन्हें राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।